महाविद्यालय में पुस्तक प्रदर्शनी का आयोजन

फालना। स्थानीय एसपीयू महाविद्यालय में पुस्तकालय दिवस एवं डॉ. एस. आर. रंगनाथन के जन्मदिवस के अवसर पर विद्यार्थियों में पठन-पाठन की संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पुस्तक प्रदर्शनी का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. गौतम शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि तकनीकी युग में भी पुस्तकों का महत्व कम नहीं हुआ है। पुस्तक हाथ में लेकर पढ़ने से एक विशेष जुड़ाव महसूस होता है और पुस्तकें समाज के बौद्धिक विकास का महत्वपूर्ण आधार हैं। उन्होंने कहा कि पुस्तकों से बेहतर कोई मित्र नहीं होता।

वरिष्ठ संकाय सदस्य डॉ. ललित कुमार ने पुस्तकों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए युवाओं से नियमित अध्ययन की आदत विकसित करने का आह्वान किया। पुस्तकालयाध्यक्ष श्रीमती नीलम वैष्णव ने बताया कि प्रदर्शनी में हिंदी, अंग्रेजी, प्रतियोगी परीक्षाओं, साहित्य, इतिहास, विज्ञान, संस्कृति तथा प्रेरणादायक विषयों से संबंधित पुस्तकों का आकर्षक संग्रह प्रदर्शित किया गया।

प्रदर्शनी के दौरान विद्यार्थियों को एक ही स्थान पर विभिन्न विषयों की पुस्तकों का अवलोकन करने का अवसर मिला। इस अवसर पर गोपनीय पुस्तक-पठन प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें वरिष्ठ संकाय सदस्यों डॉ. ललित कुमार एवं डॉ. युधिष्ठिर शर्मा द्वारा विद्यार्थियों से पुस्तकों से संबंधित प्रश्न पूछे गए।

प्रतियोगिता में सिमरन बानू ने प्रथम, डूंगरमल ने द्वितीय तथा हिमांगी त्रिवेदी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, पुस्तकालयाध्यक्ष एवं पुस्तकालय सदस्यों द्वारा वर्षभर किए गए अवलोकन के आधार पर पुस्तकालय में सर्वाधिक समय बिताकर अध्ययन करने वाले विद्यार्थियों सिमरन बानू, तमन्ना गेहलोत एवं प्रशांत राठौड़ को बेस्ट रीडर अवार्ड प्रदान किया गया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर रुचि दिखाई और महाविद्यालय के सभी स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।

Edit