फालना (पाली):
अखिल विश्व गायत्री परिवार, शांतिकुंज, हरिद्वार के तत्वावधान में आयोजित भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा 2025–26 के पाली जिला स्तरीय परिणाम घोषित किए गए, जिसमें एसपीयू (पीजी) महाविद्यालय, फालना ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया।
यह परीक्षा 8 फरवरी 2026 को सादड़ी में आयोजित की गई थी। जिला संयोजक श्री ओमप्रकाश सिनवारिया के अनुसार, यह परीक्षा प्रतिवर्ष पूरे देश में आयोजित की जाती है, जिसमें लाखों विद्यार्थी भाग लेते हैं। परीक्षा का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति, संस्कार, नैतिक मूल्यों एवं सामान्य ज्ञान के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
महाविद्यालय स्तर पर आयोजित इस प्रतियोगिता में एसपीयू (पीजी) महाविद्यालय, फालना का प्रतिनिधित्व नारायण लाल, सिमरन बानो, हिमांगी त्रिवेदी, सीता सीरवी, राजेंद्र, यशपाल चौधरी, नरेश सुथार, ओमप्रकाश मीणा, दिनेश कुमार एवं किशोर चौधरी ने टीम के रूप में किया। सभी विद्यार्थियों के सामूहिक प्रयास से महाविद्यालय को यह गौरवपूर्ण उपलब्धि प्राप्त हुई।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. हिमांशु मेहता ने विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं महाविद्यालय के उपाचार्य एवं प्रभारी डॉ. गौतम शर्मा ने जानकारी दी कि सफल विद्यार्थियों को शील्ड, गोल्ड मेडल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। पुरस्कार प्राप्त करने पर विद्यार्थियों में विशेष उत्साह और प्रसन्नता देखने को मिली।
